कृषि महाविद्यालय में ’एक पेड़ माँ के नाम’ किया गया पौधरोपण
ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध कृषि महाविद्यालय, ग्वालियर में “ग्रीन स्नातक उपाधि“ योजना के अंतर्गत एक अनूठे और भावनात्मक कार्यक्रम “एक पेड़ माँ के नाम“ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर को हराभरा बनाना और विद्यार्थियों में पर्यावरणीय संवेदनशीलता को बढ़ावा देना रहा।
इस आयोजन के मुख्य सूत्रधार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरविन्द कुमार शुक्ला रहे, जिनके हरित परिसर निर्माण के संकल्प को साकार करने हेतु बीएससी (ऑनर्स) कृषि प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों ने अपनी मां के नाम एक पेड़ समर्पित करते हुए खमेर प्रजाति के 150 पौधों का रोपण किया। यह गतिविधि अधिष्ठाता, कृषि संकाय डॉ. मृदुला बिल्लौरे में संपन्न हुई।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.एस. तोमर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “आपके द्वारा लगाए गए पौधों की देखभाल अब आपकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। जब आप अपनी डिग्री के अंतिम वर्ष में होंगे, तभी आपको यह उपाधि प्रदान की जाएगी जब आप उस पौधे का जियोटैग छायाचित्र अपने विभाग में प्रस्तुत करेंगे।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह पहल न केवल पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करती है, बल्कि छात्रों को अपने कार्यों के प्रति दीर्घकालिक उत्तरदायित्व निभाने की शिक्षा भी देती है।

