2 जी पर अटका केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया का ग्वालियर

ग्वालियर. 5 जी के दौर में ग्वालियर में मध्यक्षेत्र बिजली वितरण कंपनी का स्काडा सिस्टम 2 जी पर ही अटका है। फॉल्ट को ट्रेस करने और ट्रिपिंग-फॉल्ट की लोकेशन पता करने के लिए सन 2010 में यह सिस्टम लगाया था। उस समय स्काडा सिस्टम 2 जी पर काम कर रहा था। 15 साल बीत गए, लेकिन अभी तक सिस्टम को अपग्रेड नहीं किया गया। इस कारण फॉल्ट खोजने में एक से दो घंटे का समय लग रहा है। हालांकि बिजली कंपनी के अधिकारी का कहना है कि सिस्टम को अपग्रेड करने की तैयारी की जा रही है। खास बात यह है कि ग्वालियर, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गृह नगर भी है। इसके बावजूद यहां 4 जी का प्रस्ताव स्वीकृत ही नहीं किया गया।
करीब 33 करोड़ रुपए खर्च कर ग्वालियर के रोशनी घर स्थित मुख्यालय में स्काडा सिस्टम का काम शुरू किया गया था। यहां से ही सभी सर्किल की मॉनिटरिंग होती है। हालांकि जब से स्काडा सिस्टम ने सर्किल में काम करना शुरू किया तब से ही इसका लाभ बिजली कंपनी को नहीं मिला। स्काडा सिस्टम शुरू करने के समय दावे किए थे कि शहर में कहीं भी फॉल्ट या ट्रिपिंग आएगी तो वह स्काडा के मॉनिटर पर शो करेगी। पूरी लोकेशन ट्रेस होने के बाद लाइन स्टाफ को वह जगह बता दी जाएगी, जहां फॉल्ट है, जिसके बाद लाइन स्टाफ 30 मिनट के अंदर फॉल्ट दुरुस्त कर लाइन चालू करा देगा। स्काडा से पहले फॉल्ट तलाशने लाइन स्टाफ को मैन्युअल काम करना पड़ता था, जिसमें समय लगता था, लेकिन स्काडा सिस्टम के लांच होने के बाद भी बदलाव नहीं आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *