स्वच्छता संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए ऐप लॉंच
ग्वालियर = नगर निगम ग्वालियर द्वारा आम नागरिकों की सुविधा एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए निगम द्वारा विभिन्न ई सुविधाओं, वार्ड स्वच्छता रैंकिंग एवं 15 डोर टू डोर वाहन का शुभारंभ महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार, सभापति मनोज तोमर ने किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष हरिपाल, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित जनप्रतिनिधि एवं निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
शुभारंभ के अवसर पर महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि अब हमारा शहर स्वच्छ ग्वालियर से डिजीटल ग्वालियर बनने जा रहा हैं। आज विभिन्न ई सुविधाओं का शुभारंभ किया है, निश्चित ही निगम की सुविधाओं का लाभ आमजन घर बैठे ही आसानी से ले सकेगा। उन्होंने एप व निगम की वेबसाइट का प्रचार प्रसार करने के लिए कहा जिससे ई सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों को मिल सके।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त ने बताया कि नगर निगम ग्वालियर की नवीन अपडेट वेबसाइट बनाई गई है। किसी भी निगम के लिए एक अच्छी अपडेट वेबसाइट होना अच्छी बात है। इस वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे ही निगम के कार्यों एवं सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। वेबसाइट में डोर टू डोर वाहन की करंट लोकेशन देख सकते हैं, कि आपके घर पर कितने समय में कचरा वाहन पहुंचेगा।स्मार्ट सिटी द्वारा आम नागरिकों की स्वच्छता संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु नवीन स्वच्छता ऐप ‘‘स्वच्छ ग्वालियर’’ तैयार किया गया है। जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्या का निराकरण त्वरित करा सकते हैं। इस ऐप पर कचरा या अन्य समस्याओं का फोटो खींचकर डालने से वह जियो टेक फोटो तत्काल संबंधित जेडएचओ एवं एएचओ पर पहुंच जाएगा जिससे कम समय में उस समस्या का निराकरण किया जा सकेगा। इस ऐप को आज प्ले स्टोर पर अपलोड किया गया है। सात दिवस बाद प्ले स्टोर से इस ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं।

