BJP पार्षद के बेटे ने कुचला था मां-बेटी को, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ग्वालियर. शुक्रवार की रात जिस थार ने मां-बेटी को कुचल दिया था, थार के आरोपी चालक को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी नगरनिगम में भाजपा पार्षद रेखा चंदन राय का बेटा हर्ष राय है। हर्ष अप्रैल में हुए गोलीकांड मामले में फरार चल रहा था। हर्ष का स्टंट करते हुए एक वीडियो भी सामने आया है, इस वीडियो में वह चलती काले रंग की थार की ड्रायविंग सीट का गेट खोलकर खड़ा है। पैसेंजर सीट पर उसका दोस्त भी यही स्टंट कर रहा है। यह वीडियो घटना से कुछ देर पहले का बताया जा रहा है। यह वही जगह है जहां घटनाक्रम हुआ था।
दरअसल, शुक्रवार की रात मोतीझील के पास बदनापुरा मोड़ पर एक थार ने बाइक सवारों को कुचल दिया था। पुलिस घटनास्थल पर पहुंयी थी। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया था। बेटा घायल है। आरोपी हर्ष राय को पुलिस ने शनिवार-रविवार की देर रात को गिरफ्तार कर लिया था।
हर्ष पुलिस से बोला- थार दोस्त के पास है
थार की तलाश करते हुए थाना प्रभारी जीतेंद्र तोमर हर्ष तक पहुंचे। पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसकी थार दोस्त के पास है। ये भी कहा कि हादसे वाले समय वह शहर में नहीं था। पुलिस ने हर्ष की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की तो पता चला कि वह शुक्रवार रात घटनास्थल पर ही था। इससे पुष्टि हो गई कि थार हर्ष चला रहा था। पुलिस के अनुसार, ग्वालियर में 7 अप्रैल को अंकुश पर गोली चलाई गई थी। हर्ष राय इस गोलीकांड में आरोपी है। वह पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहा है। ये भी बताया जा रहा है कि राजनीति से जुड़े कुछ लोग हर्ष का सपोर्ट कर रहे हैं।

