सामान्य विधानसभा सीट पर दलित-आदिवासी निर्णायक, वहां फीडबैक लेंगे विधायक और सांसद

पचमढ़ी. मध्यप्रदेश के भाजपा विधायकों और सांसदों को पचमढ़ी में 3 दिनों तक अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण शिविर में भाजपा ने दलित -आदिवासी वर्ग के प्रभाव वाली सीटों से लेकर विधायकों, सांसदों के ग्रुप बनाकर चर्चा की। इस चर्चा में भाजपा ने विधायकों को यह टारगेट दिया है कि वह अपने विधानसभा इलाके के उन वर्गो से बातचीत करें जो हार जीत तय करते हैं।
भाजपा ने उन सीटों को इस सूची में रखा है जो सामान्य यानी अनारक्षित है। लेकिन हार जीत में दलित आदिवासी वर्ग के वोटर अहम भूमिका में है। इस चर्चा से साफ है कि आगामी समय में इन 45 अनारक्षित विधानसभाओं में से कुछ सीटें आरक्षित हो सकती है। इनको लेकर भाजपा गंभीर है और परिसीमान के बाद होने वाले चुनाव की तैयारी में जुट गयी है।
तीन समूहों में हुई चर्चा
इस ग्रुप डिस्कशन में तीन प्रकार से विधानसभा सीटों को विभाजित किया गया था। पहले समूह में एससी वर्ग के प्रभाव वाली 71 विधानसभा सीटों के विधायकों के साथ चर्चा की गई। इस समूह की बैठक को क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने संबोधित किया। दूसरे समूह में आदिवासी वर्ग के प्रभाव वाली 56 सीटों के विधायकों को रखा गया। इस समूह से प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने चर्चा की। तीसरे ग्रुप में अन्य 74 विधानसभा सीटों के विधायकों, सांसदों के साथ मंत्री राकेश सिंह ने चर्चा की।

मप्र में दलित आदिवासी वर्ग की राजनीतिक हिस्सेदारी

कुल विधानसभा सीटें 230
एससी के लिए आरक्षित 35
कांग्रेस के एससी विधायक 9
बीजेपी के एससी विधायक 26
एसटी के लिए आरक्षित 47
कांग्रेस के एसटी विधायक 22
बीजेपी के एसटी विधायक 24
अन्य दल के एसटी विधायक 01

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *