शेयर इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठेकेदार से 91.31 लाख रूपये की ठगी

ग्वालियर. शहर के बड़े ठेकेदार और प्रॉपर्टी व्यापारी को ऑनलाईन ठगी करने वालों ने 5 माह में एक ही स्टाइल में दूसरी बार ठग लिया। ठगों ने हेम्स सिक्योरिटी और अपस्टोक्स सिक्योरिटी वेबसाइट के माध्यम शेयर ट्रेडिंग में इंवेस्टमेंट कराने के नाम पर 91 लाख 39 हजार रूपये ठगे गये। ठेकेदार को ऑनलाइन अकाउंट में 5-6 करोड़ रूपये बैलेंस दिख रहा था।
जिससे वह धीरे-धीरे ठगों के जाल में फंसता चला गया। एक बार 79 हजार रूपये उसने निकाले जो 24 घंटे के भीतर उसके बैंक अकाउंट में आ गये। एक बार 1.5 लाख रूपये भी बतौर लाभ मिला। लेकिन जब 25 लाख रूपये निकालना चाहे तो अकाउंट फ्रीज होने का मैसेज आया।
42 लाख रूपये टैक्स जमा करने पर ही ऑनलाइन अकाउंट अन-फ्रीज होने की बात कहीं। व्यापारी को समझ में आ गया कि वह ठगी का शिकार हुआ है। उन्होंने एसएसी ग्वालियर से मिलकर शिकायत की है। इस पर क्राइम ब्रांच थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
क्या है मामला
शहर के गोला का मंदिर हनुमान नगर निवासी संजय सिंह पुत्र देवेन्द्र सिंह चौहान ठेकेदार हैं और प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त का काम भी करते हैंं। संजय ने क्राइम ब्रांच में दिए आवेदन में बताया है कि 11 जनवरी 2025 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाली ने अपना नाम आयशा सिथिका बताते हुए कहा कि वह स्टॉक मार्केट की कंपनी हेम्स सिक्योरिटी में असिस्टेंट मैनेजर है। उसने कहा कि आप हमारी कंपनी में इन्वेस्ट करते हैं तो सामान्य तौर पर 10 से 30 प्रतिशत का प्रॉफिट मिलेगा। जिस पर संजय ने कहा कि वह सोचकर बताएगा। इसके बाद वह अलग-अलग नंबर से कॉल करती थी। दो दिन बाद आयशा ने अपने बॉस ग्रीवासन आयंगर से बातचीत कराई। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी कानूनी रूप से एक नंबर कंपनी है। इसके बाद कस्टमर केयर से किसी प्रणय वर्मा का कॉल आया। सभी ने कहा कि वैध कंपनी है और आपका पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। इसके बाद www.hem.com की लिंक भेजी। जब कारोबारी ने लिंक डाउनलोड की तो वेबसाइट पर उसकी आईडी-80728 संजय सिंह चौहान नाम से बनी हुई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *