3 साल से एक तहसील में जमे 33 पटवारी हटाए, 4 राजस्व निरीक्षकों के भी तबादले
भोपाल. भोपाल की एक ही तहसील में 3 साल से जमे 33 पटवारियों को हटा दिया गया है। राजस्व निरीक्षकों के भी तबादले किए गए है। इन्हें एक तहसील या हल्के से दूसरी तहसील में भेजा गया है। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने करीब 8 महीने पहले प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप के सामने यह मुद्दा उठाया था। हालांकि सांसद शर्मा ने जितने पटवारियों की लिस्ट कलेक्टर को सौंपी थी उसमें से आधे भी नहीं हटाए गए है। कुल 183 पटवारी और आरआई की लिस्ट तैयार की गई थी।
कई 23 साल से एक ही तहसील में पदस्थ
सांसद शर्मा ने पहले जो लिस्ट सौंपी थी उस पर नजर डाली जाए तो ऐसे कई पटवारी ऐसे हैं जिन्हें एक ही तहसील में 23 साल हो चुके हैं। इनमें पटवारी भगवत सिंह धनगर, नरेंद्र बचोतिया, योगेंद्र कुमार सक्सेना, धर्मेंद्र सिंह कुशवाह, नासिर उद्दीन, महेश कुमार बंकरिया, मनोहर सिंह राजपूत, नई अहमद, सदाशिव गौड़, रेणू पटेल, नीलिमा नागर, रमेश शर्मा, प्रदीप गौर, अर्चना भटनागर, जयेंद्र चंदेलकर, मंगलेश खंडेलवाल, मुकुल सराठे, प्रियंका सिलावट, दीक्षा शर्मा, अभिषेक शर्मा, अंकुर साहू, शिवाजी मिश्रा, आलोक इंदौरिया, प्रीति गुप्ता आदि के नाम सामने आए थे।
इनमें से कई के नाम मंगलवार को जारी हुई लिस्ट में भी है। बता दें कि सांसद ने हुजूर-बैरसिया तहसील के 84-84 और कोलार तहसील के 15 पटवारियों की लिस्ट दी थी। इन्हें 3 साल से ज्यादा अवधि एक ही तहसील या हल्के में हो गई। जानकारी के अनुसार, हुजूर तहसील में 104, बैरसिया तहसील में 103 और कोलार तहसील में 24 पटवारी हल्के है।

