ग्वालियर से करोड़ों रूपये लेकर भागे दो भाईयों पुलिस ने भोपाल से दबोचा

ग्वालियर. शहर के लोगों से करोड़ों रूपये लेकर गायब हुए 2 सगे भाईयों को पुलिस ने राजधानी भोपाल से गिरफ्तार किया है। पिछले 6 माह से पुलिस दोनों की तलाश में पड़ोसी शहरों में दविश दे रही है। लेकिन दोनों आरोपी राजधानी में छिपे हुए थे। दोनों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आरोपियों को ग्वालियर लाने के बाद अब पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
शहर के महाराजपुरा थाना टीआई धमेन्द्रसिंह यादव ने बताया है कि भोलेनाथ फर्नीचर हाउस के संचालक राजकुमार शिवहरे, संजीव शिवहरे और संजय शिवहरे ने वर्ष 2024 में व्यापार में जरूरत के नाम पर कई लोगों से पैसा उधार लिया। लगभग 2-3 करोड़ रूपये हाथ में आने के बाद से यह लोग गायब हो गये थे। इनको पैसा देने वालों ने महाराजपुरा थाने में शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कर एक आरोपी राजकुमार शिवहरे को पकड़ लिया था। लेकिन संजय और संजीव फरार हो गये थे। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल रहा था।
राजधानी भोपाल में छिपे थे
सीएसपी नागेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों फरार आरोपी संजय और संजीव शिवहरे की तलाश में आसपास के राज्यों और शहरों में दबिश दे रही थी, जबकि दोनों भाई राजधानी भोपाल में छिपे हुए थे। दो दिन पहले पुलिस को एक मुखबिर ने दोनों को भोपाल में देखे जाने की सूचना दी थी। इस पर प्रधान आरक्षक अरविंद शर्मा, आरक्षक गिर्राज शर्मा, ध्रुव गुर्जर व भीकम सिंह सिकरवार को रवाना किया गया। दो दिन तक निगरानी के बाद शनिवार रात पुलिस ने दोनों आरोपियों को हबीबगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। रविवार सुबह इनको लेकर पुलिस की टीम ग्वालियर आ गई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *