रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण का कार्य तेजी के साथ पूर्ण किया जाए – भारत सिंह कुशवाह

निर्माण के दौरान रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को न हो किसी प्रकार की असुविधा 
ग्वालियर – रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य को तेजी से और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। निर्माण कार्य के चलते रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों और उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। गर्मी के मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिये अस्थायी शेड के साथ-साथ पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधायें भी उपलब्ध हों। क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने गुरुवार को ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए यह निर्देश दिए।
ग्वालियर रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य 462.79 करोड़ रूपए की लागत से किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन का निर्माण एवं विकास आगामी 40 वर्षों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर रुचिका चौहान, एसडीएम अतुल सिंह, स्टेशन मास्टर जीएस राघव एवं केपीएस कंपनी के इंजीनियर श्रीनिवास राव सहित रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित थे।
सांसद ने कहा है कि रेलवे स्टेशन का एस्केलेटर हमेशा चालू रहे। इसके साथ ही यहाँ पर एक कर्मचारी भी पदस्थ रहे। इसके साथ ही निर्माण कार्य पूरी गति के साथ किए जाएं, ताकि रेलवे स्टेशन का कार्य पूर्ण हो और आमजनों को उसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *