फायनल की परीक्षा में दूसरी छात्रा की जगह दे रही थी एग्जाम, 7 नकलची पकड़े
ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएससी, बीकॉम और बीए की परीक्षाओं के दौरान गुरूवार को जौरा के शासकीय महाविद्यालय में उसक समय हड़कम्प मच गया, जब एक छात्रा परीक्षा में फर्जी तरीके से शामिल होते हुए पकड़ी गयी।
बीएससी फायनल की परीक्षा में जब अपर तहसीलदार आशीष यशवाल निरीक्षण के लिये पहुंचे तो उन्होंने रेंडम चेकिंग के तहत एक छात्रा से उसकी जन्मतिथि पूछी। सवाल सुनते ही छात्रा सकपका गयी और जबाव नहीं दे सकी। शक होने पर केन्द्राध्यक्ष को बुलाया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ िकवह छात्रा अपनी किसी परिचित अनुष्का पचौरी की जगह परीक्षा दे रही थीं छात्रा ने पूछताछ में गलती स्वीकार कर ली है। इस मामले में फिलहाल परीक्षा नियामक प्राधिकरण की ओ से आगे की कार्यवाही की तैयारी की जा रही है।
छात्रा ने खुद कबूल की गलती
अपर तहसीलदार आशीष यशवाल ने बताया, “छात्रा अनुष्का पचौरी की जगह परीक्षा दे रही थी। जब उससे जन्मतिथि पूछी तो नहीं बता सकी। बाद में उसने खुद स्वीकार किया कि वह किसी और की जगह पेपर दे रही है। इसके अलावा 6 अन्य छात्र भी नकल करते पकड़े गए।”
मोबाइल से देख-देखकर लिख रहा था जवाब
परीक्षा केंद्र पर एक अन्य छात्र मोबाइल फोन से उत्तर नकल कर रहा था। निरीक्षण में वह रंगे हाथों पकड़ा गया। इसी तरह अन्य छात्रों की भी कॉपियों में नकल सामग्री मिली। कुल मिलाकर गुरुवार को 7 छात्रों को नकल करते पकड़ा गया, जिनमें उपरोक्त छात्रा भी शामिल है।

