गुरूद्वारे स्थित चौपाटी की सोया चाप की दुकान में भीषण लगी आग
ग्वालियर. गुरूद्वारे के पीछे चौपाटी पर गुरूवार की देर रात एक सोया चाप की दुकान में भीषण आग लग गयी है। आग लगने की वजह गैस सिलेंडर लीकेज होना बताया जा रहा है। फायरब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। लेकिन आग में लाखों रूपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। जिस समय आग लगी, तब घटनास्थल पर बहुत भीड़ थी। दुकान से आग की लपटें उठती देख वहां अफरा-तफरी मच गयी। पास ही पुलिस चेकिंग चल रही थी पुलिस बल ने वहां पहुंचकर हालात पर काबू पाया।
टीआई इन्दरगंज दीप्ति तोमर ने बताया कि शहर के इन्दरगंज थाना इलाके स्थित गुरूद्वारा के पीछे बनी चौपाटी पर स्थित एक एमएम सोया चाप की दुकान में गुरूवार की रात अचानक भीषण आग लग गयी। कुछ दूरी पर पुलिस की चेकिंग चल रही थी। दुकान से आग की लपटों को उठता देख तत्काल पुलिस कर्मियों ने इसकी खबर फायरब्रिगेड को दी। 2 फायर फायटर्स ने घटनास्थल पर पहुंच कर 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी बड़ी थी कि दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। जिसकी कीमत लाखों रूपये जा रही है। आग लगने के पीछे दुकान में रखे गैस सिलेंडर में लीकेज होना बताया जा रहा है। आग लगने से दुकानदारा सिलेंडर वहीं छोड़ बाहर निकल आये थे। जिसके बाद धीरे-धीरे आग फैल गयी और पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। आग कैसे लगी जांच की जा रही है।
