आतंकी हमले के बाद एक्टिव हुई IB, पुलिस को सौंपी 5000 पाकिस्तानियों की सूची
नई दिल्ली. जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस पर एक्शन लेते हुए मोदी सरकार ने एसवीईएस वीजा पर भारत आए सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोडने का आदेश दिया। इसके साथ ही उनके वीजा भी तत्काल प्रभाव से रद कर दिए गए। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री से अपने राज्य में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकालने का आदेश दिया। गृह मंत्री के आदेश पर दिल्ली में भी विभिन्न खुफिया एजेंसियां एक्टिव हो गई है।
खुफिया विभाग ने दिल्ली पुलिस को सौंपी सूची
इसी के तहत भारत के खुफिया विभाग ने हाल ही में दिल्ली पुलिस को एक सूची सौंपी जिसमें बताया गया है कि राजधानी दिल्ली में करीब 5000 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। सरकार के आदेश के बाद अब इन्हें उनके वतन वापस भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विदेश क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय एफआरआरओ ने यह सूख्ी दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच के साथ साझा की जिसे आगे विभिन्न जिलों को सत्यापन और पहचान के लिए भेजा गया।
इसी सूची में उन हिंदू पाकिस्तानी नागरिकों के नाम भी शामिल है। जो दीर्घकालिक वीजा पर भारत में रह रहे हैं। इन्हें सरकार ने वतन वापसी के आदेश से छूट दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संबंधित जिलों को यह सूची सत्यापन के लिए सौंप दी गई है और पाकिस्तानी नागरिकों से भारत छोडने का अनुरोध किया गया। विशेष रूप से मध्य और उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिलों में पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या अधिक पाई गई है।
