ग्वालियर में संविधान बचाओ रैली से होगी शुरुआत, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी को बुलाया जाएगा
ग्वालियर. चुनावों में लगातार हार के बाद अब कांग्रेस अपने कैडर को मजबूत करने के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करने जा रही है। 9 अप्रैल को अहमदाबाद अधिवेशन के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने एमपी कांग्रेस को कैडर ट्रेनिंग के लिए गाइडलाइन भेजी है। इसमें जिले की टीम को ट्रेंड करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने 40 दिन का कैम्पेन कैलेंडर बनाया है।
जिला अध्यक्षों को देंगे ट्रेनिंग
नई गाइडलाइन और कैम्पेन कैलेंडर का फोकस कांग्रेस के संगठनात्मक नेतृत्व के ओरिएंटेशन और कैडर को वैचारिक रूप से तैयार करने पर रहेगा। सभी जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग के लिए पीसीसी द्वारा ट्रेनिंग सेशन फाइनल कर ट्रेनिंग दी जाएगी। ये ट्रेनिंग वर्चुअल या व्यक्तिगत रूप से देने पर अभी फैसला होना बाकी है। ट्रेनिंग के लिए अहमदाबाद अधिवेशन में पारित हुए प्रस्ताव के साथ ही एक प्रजेंटेशन भी एआईसीसी की ओर से भेजा जाएगा।
40 दिन के कैम्पेन का कैलेंडर फाइनल
कांग्रेस ने संविधान बचाओ अभियान के तहत 40 दिन के कार्यक्रम का कैलेंडर बनाया है। मई के महीने में लगातार कार्यक्रम चलेंगे। इस अभियान की शुरुआत मप्र में 28 अप्रैल को ग्वालियर में होने वाली प्रदेश स्तरीय संविधान बचाओ रैली से होगी। इस रैली में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, जयराम रमेश जैसे राष्ट्रीय नेताओं को बुलाया जाएगा। एमपी कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता इस रैली में शामिल होंगे।
