दुकान में लगी आग से झुलसी दुकानदार की पत्नी, डेढ लाख रूपये का सामान जलकर राख
ग्वालियर. डबरा के महाराजपुर में एक दुकान में मंगलवार को आग लग गयी। डबरा चीनौर मुख्य मार्ग पर स्थित सुरेन्द्र शाक्य की दुकान में लगी आग से सारा सामान जल कर राख हो गया। घटना मंगलवार की सुबह 4 बजे की है।
आग बुझाने से झुलसी दुकानदार की पत्नी
दुकान में रखे फ्रिज, काउंटर, कूलर और बर्तन सहित सभी सामान जल गये। आग बुझाने की कोशिश में दुकानदार की पत्नी आरती भी झुलस गयी। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डबरा में प्राथमिक उपचार दिया गया। दुकानदार ने ग्रामवासियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार लोकमनी शाक्य और पटवारी रमेश पंडोलिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर पंचनामा बनाया।
दुकानदार बोले- 2 लाख का हुआ नुकसान
दुकानदार सुरेंद्र शाक्य ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। करीब 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।नायब तहसीलदार लोकमनी शाक्य ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक डेढ़ लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। प्रशासन पीड़ित को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई कर रहा है।

