LatestNewsमप्र छत्तीसगढ़राज्य

हरियाणा-पंजाब का खनौरी बॉर्डर भी खुला

पटियाला. किसान आंदोलन की वजह से 13 महीने से बंद हरियाणा-पंजाब का खनौरी बॉर्डर भी शुक्रवार से खुल गया। यहां से दिल्ली-पटियाला हाईवे पर आवाजाही शुरू हो गई। हरियाणा पुलिस ने 20 मार्च को ही यहां से सीमेंट की बैरिकेडिंग हटा दी थी। पंजाब की तरफ से ट्रालियां हटाने में समय लग गया। पंजाब पुलिस ने अंबाला और पटियाला के बीच शंभू बॉर्डर को 20 मार्च को ट्रैफिक के लिए खोल दिया था। इसके बाद दिल्ली-अमृतसर-जम्मू हाईवे पर आवाजाही शुरू हो गई है। पंजाब पुलिस ने 19 मार्च को ये दोनों बॉर्डर किसानों से खाली कराए थे।
वहीं, पंजाब के 2 किसान संगठन संयुक्त किसान मोर्चा के पंजाब चैप्टर और भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) ने राज्य सरकार की बुलाई मीटिंग का बायकॉट कर दिया। कृषि मंत्री ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में यह मीटिंग बुलाई थी। दोनों संगठनों ने सरकार से बातचीत करने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले शंभू-खनौरी बॉर्डर से हिरासत में लिए नेता रिहा किए जाएं, उसके बाद सरकार से कोई बात होगी।
वहीं, किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल व अन्य किसानों को हिरासत में लेने का मामला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में पहुंच गया है। इस मामले में उच्च अदालत में इमरजेंसी सुनवाई हुई है। अदालत ने डीजीपी से सोमवार (24 मार्च) तक इस बारे में स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *