नशे में बाइक में लगाई आग और जमकर किया हंगामा, पुलिस गिरफ्तार कर रही है पूछताछ
ग्वालियर. शराब पीकर आये एक नशेडी ने जमकर हंगामा करते हुए एक मोटरसाईकिल में आग लगा दी। घटना ग्वालियर थाना इलाके के जगनापुर नम्बर 2 घासमंडी ने गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग 12.30 बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो जांच के बाद नशेडी को निगरानी में ले लिया है। आग से बाइक पूरी जलकर राख हो गयी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
ग्वालियर थाना क्षेत्र के जगनापुरा घासमंडी निवासी सुभाष शाक्य पुत्र बाबू लाल शाक्य ड्राइवर है और विक्रम टेम्पो चलाता है। बीती रात करीब 12:30 बजे वह बाइक क्रमांक (MP06 HA 4965) से आया और आते ही वह आस-पास रहने वालों से गाली-गलौज करने लगा। उसकी आदत से वाकिफ मोहल्ले के लोग शांत रहे, इसके बाद वह बाइक को पड़ोसियों के दरवाजे पर चढ़ाने लगा, इस प्रयास में वह तीन बार गिर भी गया।पड़ोसियों से गाली-गलौज करने के बाद वह अपने घर से कपड़े लेकर आया। अपनी ही बाइक से पेट्रोल निकाल कर उसमें आग लगा दी। आग लगाते ही जिन घरों के पास बाइक खड़ी थी, वहां रहने वाले आग बुझाने आए। इस पर युवक उनसे गाली-गलौज कर धमकी देने लगा। परेशान लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन इससे पहले ही बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी।
पुलिस के सामने किया हंगामा
युवक पुलिस जवानों के सामने ही पड़ोसियों से गाली-गलौज करता रहा। रहवासियों के मुताबिक बगैर नशे के वह किसी से कुछ नहीं कहता है। नशा करने के बाद वह किसी को छोड़ता नहीं है। जो भी सामने आता है। उससे गाली-गलौज कर परेशान करता है। जब भी वह शराब पीकर आता है। लोग उसके सामने आने से बचते है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों को घटना की शिकायत करने के लिये थाने आने के लिये बोलकर चली आई। लेकिन दोपहर तक कोई भी शिकायत करने के लिये नहीं आया है।
