MP में वेतन वृद्धि पर वित्त विभाग का अड़ंगा

भोपाल. मध्य प्रदेश में कर्मचारियों, अधिकारियों की वेतन वृद्धि के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रदेश में कर्मचारियों, अधिकारियों को नियमानुसार चौथा समयमान वेतनमान देय है पर इसमें वित्त विभाग का आदेश ही आड़े आ रहा है। प्रदेश विधानसभा में भी यह मामला उठा। विधानसभा में कांग्रेस विधायक नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस मामले में सरकार को घेरा। इधर वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने समयमान वेतनमान लागू नहीं किए जाने के संबंध में जानकारी लेने की बात कही।
एमपी में चौथे समयमान वेतनमान के लिए अधिकारी, कर्मचारी परेशान हो रहे हैं। इस संबंध में वित्त विभाग का आदेश ही उनके लिए परेशानी खड़ी कर रहा है। मध्यप्रदेश विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान भी यह मुद्दा उठा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने चौथे समयमान वेतनमान के मामले में राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के लिए नित नई घोषणाएं तो करती है पर उन्हें लागू नहीं करती। वेतन वृद्धि की घोषणा करती है पर लागू नहीं करती।
उमंग सिंघार ने कहा कि यही कारण है कि एमपी के कई विभागों के कर्मचारी, अधिकारी चौथे समयमान वेतनमान से वंचित हैं, उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस मामले में राज्य के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा है कि चौथे समयमान वेतनमान का आदेश लागू क्यों नहीं किया, इस संबंध में जानकारी लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *