चाबी बनाने आया शख्स साढ़े 6 लाख रुपए ले गया
ग्वालियर. सरदार के वेश में चाबी बनाने आए एक शख्स ने लॉकर के भीतर से साढ़े 6 लाख रुपए चोरी कर लिए। मामले की जानकारी होते ही वह थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर जांच शुरू की और आस-पास लगे CCTV कैमरे खंगाले, जिससे आरोपी के फुटेज मिले हैं। अब पुलिस फुटेज के आधार पर चाबी बनाने वाले की तलाश कर रही है।
लॉकर की चाबी बनाने बुलाया था शख्स को
शहर के पड़ाव स्थित विकास नगर निवासी राकेश कुशवाह (पुत्र हेमराज कुशवाह) व्यवसायी हैं। उनकी सिकंदर कंपू पर “सदर पेंट हाउस” के नाम से पेंट एजेंसी है। 9 मार्च की दोपहर, जब उनकी 75 वर्षीय मां घर पर थीं, तभी कॉलोनी में एक चाबी बनाने वाला व्यक्ति सरदार के वेश में साइकिल पर आवाज लगाते हुए निकला। व्यापारी की मां ने उसे बुलाया और एक ताले की चाबी बनाने को कहा। उसने चाबी बना दी, लेकिन जब अलमारी के लॉकर के सही से न खुलने की बात कही गई, तो वह अगले दिन औजार लाने का कहकर चला गया। 10 मार्च को वह दोबारा आया और लॉकर की चाबी बनाकर जल्दबाजी में बिना पैसे लिए ही चला गया।
दो दिन बाद अलमारी खोली, तो गायब थे रुपए
व्यवसायी राकेश कुशवाह ने 11 मार्च को एक पार्टी को भुगतान करने के लिए जब लॉकर खोला, तो लॉकर में रखी नकदी भरी पॉलीबैग गायब थी। जब घर के अन्य सदस्यों से पूछा गया, तो पता चला कि दो दिन पहले एक ताला सुधारने वाला व्यक्ति आया था। मामला समझ में आते ही पीड़ित परिवार थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
