लाड़ली बहनों को पेंशन योजना से जोड़ेंगे

भोपाल. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 4 लाख 21 हजार 32 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। इसमें कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया गया। चुनाव में गेमचेंजर साबित हुई लाड़ली बहना योजना की राशि बजट में बढ़ाए जाने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया। हालांकि, उनको पेंशन योजना से जोड़ने का ऐलान जरूर हुआ है। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 39 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। इनसे 3 लाख से अधिक रोजगार मिलेंगे। बजट में 11 नए आयुर्वेदिक कॉलेज और 22 नए आईटीआई खोले जाने की घोषणा भी की गई है।
जीरो वेस्ट बेस्ड प्रक्रिया से तय किया बजट
देवड़ा ने बजट भाषण की शुरुआत कविता से की। उन्होंने कहा- यही जुनून, यही एक ख्वाब मेरा है, वहां चिराग जला दूं जहां अंधेरा है। जनता व जनप्रतिनिधियों की बेशुमार फरमाइशें हैं, कर सकें हम सब पूरी, ये हमारी कोशिशें हैं। उन्होंने बताया- हमने 2025-26 का बजट जीरो वेस्ट बेस्ड प्रक्रिया से तय किया है। सरकार का लक्ष्य है विकसित मध्यप्रदेश। इसका अर्थ है कि जनता का जीवन खुशहाल हो। महिलाओं का आत्मगौरव मिले। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बजट भाषण सुनने के लिए विधानसभा में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *