कांग्रेस नेता बोले मंत्री राजपूत ने RTO की वसूली का रैकेट संभाला, केंद्रीय मंत्री को हर महीने 2 करोड़ भेजे
भोपाल. आरटीओ के करोडपति पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा और उसके सहयोगियों को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने सरकार पर सौरभ को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सौरभ के घर मिले दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए। 40 दिन फरारी के दौरान वह कहां रहा, किसने मदद की इसकी कोई जानकारी नहीं है। यह सच सामने आना चाहिए।
सौरभ शर्मा की कॉल डिटेल अब तक सार्वजनिक नहीं हुई। कॉल डिटेल सामने आने के बाद कई अधिकारी और नेता बेनकाब होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग से एक केंद्रीय मंत्री को हर महीने 2 करोड रुपए जाते थे। सिंघार ने कहा कि जो जानकारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को लेकर सामने लाई गई है उसमें करीब 1250 करोड रुपए की अनुपातहीन संपत्ति का ब्योरा है। इसके रिकॉर्ड उनके पास है, सरकार को इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। गोविंद सिंह राजपूत अभी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री है। वे पूर्व में परिवहन मंत्री भी रह चुके है। सिंघार ने उनके परिवहन मंत्री के कार्यकाल को लेकर आरोप लगाए।
