व्यापारियों के लायसेंस दस्तावेजों का सत्यापन कराएँ डबरा मंडी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दिए निर्देश
किसानों, हम्माल व तुलावटी के लिये पुख्ता बुनियादी सुविधायें रखने पर दिया जोर
ग्वालियर-किसानों, हम्माल व तुलावटी के लिये मंडी परिसर में मूलभूत सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था करें। किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई दिक्कत न हो। साथ ही उनकी उपज की सही तौल हो और उन्हें सही दाम मिलें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने कृषि उपज मंडी डबरा के निरीक्षण के दौरान एसडीएम व मंडी सचिव को दिए। उन्होंने डबरा मंडी के सभी लायसेंसधारी व्यापारियों के लायसेंस से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन करने की हिदायत भी उन्होंने दी। गुरुवार को डबरा कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदेश पर्ची काउण्टर, मंडी के शेड व मंडी परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम डबरा श्री दिव्यांशु चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
डबरा बस स्टेण्ड के लिये प्रस्तावित स्थलों का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान डबरा बस स्टेण्ड के लिये प्रस्तावित स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम हरीपुर, सहराई व ब्रिजपुर में बस स्टेण्ड के लिये प्रस्तावित की गई जमीन देखी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर बस स्टेण्ड के लिये जमीन तय की जाए।
