महाकुंभ में माघी पूर्णिमा पर संगम में स्नान के लिये उमड़ा जनसैलाब, सुबह -सुबह 90 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
प्रयागराज. महाकुंभ में माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। संगम तट के दोनों ओर श्रद्धालु ही श्रद्धालु दिखाई दे रहे है। माघ पूर्णिमा पर लोगों के उत्साह का आलम यह है कि सुबह-सुबह ही 1 करोड़ से अधिक लोग संगम में डुबकी लगा चुके है।
माघी पूर्णिमा पर आज सबसे पहले नागा साधुओं के अखाड़ों ने स्नान किया और इसके बाद अखाड़ों और फिर साधु-संतों ने डुबकी लगाई। इस प्रक्रिया के बाद ही आम श्रद्धालुओं ने स्नान शुरू किया। आज संगम तट पर डुबकी लगा कर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं के ऊपर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाये जा रहे है। आपको बता दें कि महाकुंभ में अीाी तक 46.25 करोड़ से अधिक श्रद्धालु डुबकी लगा चुके है।
महाकुंभ में अब तक 46 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया स्नान
महाकुंभ में सुबह 6 बजे तक श्रद्धालुओं के स्नान का आंकड़ा.
> कल्पवासी: 10 लाख से ज्यादा
> श्रद्धालु: 63.60 लाख से ज्यादा
> कल तक कुल श्रद्धालु: 46.25 करोड़ से ज्यादा
माघी पूर्णिमा स्नान की सुबह 4 बजे से मॉनिटरिंग कर रहे हैं CM योगी
प्रयागराज महाकुंभ में अमृत स्नान के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. अमृत स्नान को लेकर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। CM योगी खुद माघी पूर्णिमा स्नान की सुबह चार बजे से मॉनिटरिंग कर रहे हैं. साथ ही मेला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और पूरे प्रयागराज शहर को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया है।
प्रयागराज महाकुंभ: नया ट्रैफिक प्लान लागू
माघी पूर्णिमा पर मेला प्रशासन ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है. नए ट्रैफिक प्लान के अनुसार, मेला क्षेत्र समेत पूरा शहर 12 फरवरी तक नो-व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है। कल्पवासियों के भी वाहन को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है। मेला क्षेत्र में सिर्फ प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ी और स्वास्थ्य विभाग के वाहनों के एंट्री की मंजूरी दी गई है। साथ ही VVIP पास भी रद्द कर दिए गए हैं।
सीएम योगी ने श्रद्धालुओं को दी बधाई
CM योगी ने पांचवें अमृत स्नान के मौके पर संगम तट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और प्रदेश के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, पावन स्नान पर्व माघ पूर्णिमा की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई! महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में आज पवित्र त्रिवेणी में पुण्य स्नान हेतु पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन! भगवान श्री हरि की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य का वास हो। मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती सभी के मनोरथ पूर्ण करें, यही कामना है।

