MP की लाड़ली बहनों को अब केंद्र सरकार देगी सौगात

भोपाल. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 31 जनवरी को देश का इकोनॉमिक सर्वे प्रस्तुत किया। अब वे 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2025-26 पेश करेंगी जिसपर देशभर की तरह मध्यप्रदेश वासियों की भी निगाह लगी है। केंद्रीय बजट से एमपी को अनेक सौगातों की आस है। सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए भी बड़ा ऐलान किया जा सकता है। शनिवार को सामने आ रहे बजट से मध्यप्रदेश को पीएम आवास योजना के अंतर्गत 2.77 लाख मकानों के लिए राशि मिलेगी। राज्य सरकार, प्रदेश की लाड़ली बहनों की आवास योजना भी इस योजना में मर्ज कर चुकी है। इस तरह केंद्रीय बजट में पीएम आवास योजना में राशि का प्रावधान होते ही एमपी की लाड़ली बहनों का पक्का मकान बनाने की उम्मीद पूरी हो सकती है।
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत एमपी में वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2 लाख 77 हजार आवास बनेंगे। इसके लिए राशि का प्रावधान केंद्रीय बजट में किया जाएगा। एमपी के वित्त विभाग के अधिकारी बताते हैं कि प्रदेश में अगले 5 साल में कुल 10 लाख आवास बनाने का लक्ष्य है। मध्यप्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना की सफलता के बाद लाड़ली आवास योजना का भी ऐलान किया लेकिन कई कारणों से इसपर अमल नहीं किया जा सका। अब राज्य सरकार ने लाड़ली बहना आवास योजना को भी पीएम आवास योजना में मर्ज कर दिया है। ऐसे में केंद्रीय बजट में राशि मिलते ही एमपी की लाड़ली बहनों का मकान का सपना पूरा हो सकेगा।
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा घोषित की गई मुख्यमंत्री लाड़ली आवास योजना में पात्र महिलाओं को मकान के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए देने की बात कही गई थी। पीएम आवास योजना में मर्ज कर दिए जाने के बाद लाड़ली बहनों के लिए राशि भी बढ़कर 2.5 लाख रुपए और 3 लाख रुपए होगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *