MP में 31 जनवरी से बदलेगा मौसम, ग्वालियर चंबल में बारिश की संभावना

भोपाल. हवाओं के बदले रुख से जहां धूप में तल्खी बढ़ने लगी है, वहीं रात में भी कड़ाके की ठंड से राहत मिल गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक फरवरी से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। प्रदेश में शनिवार से बादल छाने लगेंगे। साथ ही ग्वालियर, चंबल, इंदौर और उज्जैन संभाग में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। उधर, गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इससे एक द्रोणिका भी संबद्ध है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में प्रेरित चक्रवात बन गया है। उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम (12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 268 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है। इसके अलावा एक एवं तीन फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इस वजह से प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छाने लगेंगे। साथ ही गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बारिश होने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *