सौरभ शर्मा सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंचा, वहीं से उठा ले गई लोकायुक्त पुलिस
भोपाल. भोपाल में आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा को आज (28 जनवरी) लोकायुक्त की टीम ने कोर्ट परिसर के बाहर से हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ देर बाद गिरफ्तारी की खबर भी आई। बाद में लोकायुक्त डीजी जयदीप प्रसाद ने कहा कि सौरभ को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी कर 24 घंटे के भीतर उसे कोर्ट में पेश करेंगे। सौरभ के खिलाफ जो भी मामले दर्ज हैं उनमें पूछताछ होगी। सौरभ इस दौरान कहां-कहां रहा ये भी स्पष्ट होगा। जयदीप प्रसाद ने कहा कि एजेंसियों से सौरभ को जान का कोई खतरा नहीं होगा। उन्होंने पूछताछ की वीडियोग्राफी के सवाल से इनकार किया है।
वहीं, सौरभ के वकील राकेश पाराशर ने बताया कि सौरभ कोर्ट के आदेश पर आज 11 बजे हाजिर होने वाला था। लेकिन लोकायुक्त पुलिस ने उसे अवैध तरीके से अरेस्ट कर लिया। जबकि सौरभ ने सोमवार को कोर्ट में खुद उपस्थित होकर सरेंडर करने का आवेदन दिया था। पाराशर ने लोकायुक्त के खिलाफ कोर्ट में आवेदन भी लगा दिया है।

