भाजपा विधायक ने थानों में बनाए प्रतिनिधि, एसपी बोले-ऐसा कोई प्रावधान नहीं

शिवपुरी. पिछाोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के सभी थानों के लिए अपने प्रतिनिधि बना दिए। विधायक इसका बकायदा पत्र जारी करके अधिकारियों को सूचना भी दे दी कि संबंधित थानों में उनकी ओर से अधिकृत प्रतिनिधि ही जनता की समस्याओं को लेकर संवाद और पैरवी करेंगे। विधायक की इस व्यवस्था पर सवाल खडे हो गए है। अधिकारियों ने थाना स्तर पर विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने को नियम विरुद्ध बताया है। वहीं, बुधवार को विधायक ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में अपने निर्णय को बिल्कुल सही बताते हुए अब हर विभाग में भी अपने प्रतिनिधि नियुक्त करने की बात कही है। इस पर कांग्रेस ने उन पर निशाना साधा है।
यह है पूरा माजरा
बता दें कि भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र की तीन थानों मायापुर, बामोरकलां और खनियाधाना में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत, नगर निगम, नगर पालिका में तो जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि नियुक्त होते रहे हैं परंतु संभवत: पहली बार पुलिस थानों में प्रतिनिधि नियुक्ति किए जाने की बात सामने आई है। इसके प्रावधान पर भी बहस छिड़ गई है। ऐसा ही पत्र दतिया के सेवढ़ा से विधायक प्रदीप अग्रवाल का भी सामने आया है, हालांकि यह नौ माह पुराना बताया जा रहा है। विधायकों के इस कदम से राजनीति के साथ ही प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *