अचानक कार रुकवाकर दिग्विजय सिंह सीटों के नीचे ढूंढने लगे कोई चीज
रतलाम. पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार को अपनी निजी यात्रा पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि यहां वो कांग्रेस नेता सतीश पुरोहित के घर उनसे मिलने आए थे। कांग्रेस नेता के घर से वापसी के बाद जब दिग्विजय का काफिला रवाना हो गया, इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ कि दिग्विजय सिंह समेत उनके काफिले में शामिल सभी लोग परेशान नजर आए।
काफिले में शामिल सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं के बीच उस समय असमंजस के हालात बन गए, जब दिग्विजय सिंह ने अचानक अपना वाहन रुकवा दिया। सभी सुरक्षाकर्मी और कार्यकर्ता दौड़कर दिग्विजय सिंह के वाहन के पास पहुंचे। इस दौरान पता चला कि दिग्विजय सिंह का फोन कहीं खो गया था। दिग्विजय सिंह खुद भी फोन के गुमने से खासा चिंतित नजर आए। ये पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया।
अपने फोन के लिए परेशान होते दिखे दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह बार-बार एक अन्य फोन से अपने गुम होने वाले फोन पर रिंग करते रहे। यही नहीं, वो अपनी कार में भी सीटों के बीच फोन को तलाश करते नजर आए। दिग्विजय सिंह को चिंतित देख कांग्रेस नेता सतीश पुरोहित ने तत्काल अपने घर फोन लगाकर दिग्विजय सिंह का फोन तलाशने को कहा। घर वालों से पुरोहित को पता चला कि फोन घर में उसी स्थान पर रखा है, जहां दिग्विजय सिंह आकर बैठे थे। फोन मिलने की सूचना मिलने पर दिग्विजय सिंह ने राहत की सांस ली। इसके बाद काफिला दौबारा सतीश पुरोहित के घर के लिए रवाना हुआ।
