ग्वालियर-चंबल अंचल में बारिश का अलर्ट
ग्वालियर. मध्यप्रदेश में जनवरी में तीसरी बार मावठा गिरेगा। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे में ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी और दतिया में बारिश होने का अनुमान जताया है। यहां हल्की बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, श्योपुर और मुरैना में आंधी चल सकती है। इधर, बुधवार को सुबह सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली समेत 34 जिलों में कोहरा छाया रहा। भोपाल में सुबह से बादल छाए रहे।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत एमपी के आधे हिस्से में बारिश होने का अलर्ट है। 17 जनवरी से तेज ठंड का दौर फिर शुरू हो जाएगा। बारिश के दौरान गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। मौसम वैज्ञानिक प्रकाश धामले ने बताया, 15 और 16 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी का असर प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्से में देखने को मिलेगा। सिस्टम जैसे ही गुजरेगा, प्रदेश में ठंड का असर फिर से बढ़ जाएगा। 18 जनवरी से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसके बाद बर्फीली हवा की रफ्तार बढ़ जाएगी और पूरा प्रदेश ठिठुर जाएगा। इससे पहले मंगलवार को 203 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवा चली।

