NewsUncategorized

जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, व्यवसाइयों एवं नागरिकों की राय लेकर बनाएँ विजन डॉक्यूमेंट – अतिरिक्त मुख्य सचिव

प्राथमिकता तय कर हर जिले का पाँच वर्षीय विजन डॉक्यूमेंट तैयार करें
ग्वालियर – जिले के सुनियोजित विकास के लिये 5 वर्षीय विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाए। विजन डॉक्यूमेंट में विकास कार्यों की प्राथमिकता भी तय की जाए। इसके लिये जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, व्यापारियों के साथ-साथ गणमान्य नागरिकों के साथ बैठकर विचार-विमर्श उपरांज विजन डॉक्यूमेंट तैयार हो। अतिरिक्त मुख्य सचिव वन विभाग एवं प्रभारी सचिव ग्वालियर अशोक वर्णवाल ने बुधवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह एवं क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह की विशेष उपस्थिति में संभागीय विकास कार्यों की समीक्षा एवं भावी योजनाओं के संबंध में जनप्रतिनिधियों की चर्चा के दौरान यह बात कही।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रत्येक जिले का पाँच वर्षीय विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाना है। इस विजन डॉक्यूमेंट में कार्यों की प्राथमिकता को भी क्रमबद्ध किया जाए, जिससे उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से इनका क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि विजन डॉक्यूमेंट तैयार करते समय जिले के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से विचार-विमर्श भी किया जाए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम की समीक्षा के दौरान सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि सीएम हैल्पलाइन में ऐसी शिकायत व लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अधीन आती है, उन्हें अधिनियम के तहत दर्ज कर उनका निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय-सीमा में समस्याओं का निराकरण न होने पर संबंधित के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई भी अवश्य की जाए।
आईटी पार्क, रेडीमेड गारमेंट पार्क एवं स्टोन पार्क का हो बेहतर उपयोग – सांसद 
क्षेत्रीय सांसद भारतसिंह कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर में बड़ी लागत से आईटी पार्क, रेडीमेड गारमेंट पार्क और स्टोन पार्क स्थापित है, इनका बेहतर से बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए ताकि बेरोजगारों को रोजगार भी मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सोन चिरैया अभ्यारण्य से डीनोटिफाइड हुए क्षेत्र में पत्थर खदानों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि ग्वालियर के स्टोन के माध्यम से लोगों को बेहतर रोजगार मिले। ग्वालियर का स्टोन न केवल देश भर में बल्कि विदेशों में भी निर्यात होता है। उन्होंने साडा क्षेत्र में प्रस्तावित एम्स अस्पताल की स्थापना के लिये जमीन आरक्षित करने की बात भी कही।
संभागीय बैठक में सभी जिलों के विधायकगणों ने अपने-अपने क्षेत्र के विकास के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इसके साथ ही आम जनों की समस्याओं के संबंध में भी ध्यान आकर्षित किया। बैठक में संभाग के सभी जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने जिले के विजन डॉक्यूमेंट के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में अपर मुख्य सचिव वन श्री वर्णवाल ने सभी जिला कलेक्टरों से कहा कि बैठक में विभिन्न मुद्दों में से जिला स्तर के मुद्दों पर जिला स्तर पर जनप्रतिनिधि के साथ बैठकर उनका निराकरण किया जाए। इसके साथ ही शासन स्तर के प्रकरणों में विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर उनका निराकरण समय-सीमा में हो, इस पर विशेष प्रयास किए जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *