भाजपाई भ्रष्टाचार का कद महानायक से ऊंचा, पर शेयर किए बीजेपी नेताओं की जमीनों के पेपर, डिप्टी सीएम देवड़ा के बेटे का भी नाम
भोपाल. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने पिछले महीने 18 दिसंबर को भोपाल के जिन बिल्डर्स पर छापेमारी की। उनमें त्रिशूल कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक राजेश शर्मा के कुणाल बिल्डर्स के साथ जॉइंट वेंचर में चल रहे सेंट्रल पार्क प्रोजेक्ट में डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के बेटे हर्ष देवड़ा, पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, सीहोर विधायक सुदेश राय के नाम पर जमीनें होने का आरोप पीसीसी चीफ पटवारी ने लगाया है। पटवारी ने जमीनों के दस्तावेज शेयर करते हुए लिखा- मध्य प्रदेश में अब भाजपाई भ्रष्टाचार का कद महानायक से भी ऊंचा हो गया है। जहां खुद अमिताभ बच्चन जी को निर्माण की अनुमति नहीं मिली, वहां करप्शन की शूटिंग हो गई है। भोपाल के सेंट्रल पार्क में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के बेटों, पूर्व परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह और बीजेपी विधायक सुदेश राय सहित कई बड़े अफसरों की भी जमीन है। मोहन सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है, यह तथ्य बार-बार स्थापित होता जा रहा है। इसीलिए, मैं बार-बार लगातार दोहरा भी रहा हूं यह “पर्ची” बहुत महंगी है।
सेंट्रल पार्क प्रोजेक्ट में इनके नाम मिली जमीनें
सेंट्रल पार्क प्रोजेक्ट को लेकर सामने आए एक भू-अभिलेख के दस्तावेज में भोपाल के सेवनिया गौड में भोपाल तालाब के लो डेंसिटी एरिया में चल रहे सेंट्रल पार्क आवासीय प्रोजेक्ट में कुणाल बिल्डर्स डेवलपर्स के डायरेक्टर विजय कुमार अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, रीतेश हरवानी, संगीता हरवानी, राधिका पत्नी राजेश शर्मा, कृष्णा बंसल, मीनू गोयल पत्नी युवराज गोयल, कनिका कल्याणी पत्नी सुमित कल्याणी, गौरव जैन वैभव गोयल, रिशु कटारिया पत्नी आलोक कटारिया, अलोक कटारिया, सैयद विकार हुसैन, सुदेश राय, हर्ष देवड़ा पुत्र जगदीश देवड़ा, दीपक भावसार, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, ज्ञानवती पटेल, मीना पांडेय पत्नी एके पांडेय, भूपेन्द्र सिंह ठाकुर के नाम जमीनें और प्लॉट की जानकारी सामने आई है।
