ग्वालियर में एटीएम काटकर लाखों की लूट
ग्वालियर. बदमाशों ने एक बार फिर से एसबीआई के एटीएम को काटकर कैश लूट लिया। यह वारदात गुरूवार देर रात 3.17 बजे बहोडापुर के आनंद नगर इलाके में हुई। बदमाशों ने एटीएम मशीन को काटकर कैश निकाला। फिलहाल लूटे गए कैश की सही जानकारी बैंक प्रबंधन के आने के बाद ही मिल सकेगी। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक सफेद ब्रेजा जैसी कार में कुछ संदिग्ध नजर आए। पुलिस को वारदात का तरीका हरियाणा के मेवाती गैंग का लग रहा है लेकिन इसी महीने डबरा में हुई 9 लाख की एटीएम लूट में सहारनपुर की वाहिद गैंग का नाम सामने आा था।
कैमरे पर ब्लैक स्प्रे किया, एटीएम काटा
बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम के फ्रंट कैमरे पर ब्लैक स्प्रे कर उसे बंद कर दिया। इसके बाद हैंडली गैस कटर मशीन से एटीएम के चेसिस को काटकर उसमें रखा कैश निकाला और फरार हो गए।
पुलिस के पहुंचने से पहले बदमाश फरार
एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधियां देखकर एक स्थानीय नागरिक ने डायल 100 पर सूचना दी। पुलिस और अन्य थानों का बल तुरंत मौके पर पहुंचा, लेकिन बदमाश वहां से पहले ही भाग चुके थे।
