सौरभ शर्मा को खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी, एयरपोर्ट पहुंचते ही पकड़ा जा सकेगा
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में परिवहन विभाग में काली कमाई और अन्य स्त्रोतों से करोडों रुपये की संपत्ति अर्जित करने वाले परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के विरूद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी हो गया है। अब एयरपोर्ट पहुंचते ही उसे पकडा जा सकेगा। आयकर विभाग ने LOC जारी किया गया है। बता दें कि सौरभ शर्मा के करोडों रुपये के अवैध लेन-देन में हवाला का भी संदेह है। आयकर विभाग और लोकायुक्त पुलिस ने इस दिशा में भी जांच प्रारंभ की है। सौरभ के करीबी चेतन गौर से भी इस संबंध में पूछताछ की गई। इसके साथ ही विदेश में निवेश की जानकारी भी आयकर विभाग जुटा रहा है। हवाला का संदेह इसलिए भी हो रहा है कि ढाई-ढाई लाख रुपये वाली गड्डियां मिली है जो हवाला में उपयोग होती है।
आरटीओ अधिकारियों और नेताओं से पूछताछ की तैयारी
आयकर की टीम ने भोपाल के मेंडोरी गांव में खड़ी एक कार में 54 किलो सोना, लगभग 10 करोड़ रुपये नकद के साथ एक डायरी भी मिली थी। इस डायरी में कई आरटीओ, चेक पोस्ट के अधिकारी और नेताओं के नाम हैं।
आयकर विभाग अब इन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी कर रहा है। यह कार सौरभ के सहयोगी चेतन के नाम पर है, पर उपयोग सौरभ ही कर रहा था। सोने के मामले में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) को भी सूचना दी है।
