सौरभ शर्मा इस समय दुबई में, MP के आधे परिवहन चेक पोस्ट की जिम्मेदारी दे दी थी
भोपाल. लोकायुक्त और इनकम टैक्स ने पूर्व ट्रांसपोर्ट कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के ठिकानों से 3 करोड कैश और 2 करोड कीमत की 2 क्विंटल चांदी की सिल्ली, 10 किलो चांदी के जेवर और 50 लाख का सोना बरामद किया है। सौरभ इस समय दुबई में है। जब एक मामूली से परिवहन कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के पूरे करियर की परिवहन विभाग के सीनियर अफसरों से बात की तो पता चला कि नौकरी लगने से लेकर उसके इस्तीफा होने तक की पूरी स्टोरी में सरकार की बडी कृपा रही है। कहने को वह एक कॉन्स्टेबल था लेकिन मंत्री और अफसरों का सबसे चहेता था। अफसरों ने बताया कि उसे एमपी के आधे परिवहन चेक पोस्ट की जिम्मेदारी दे दी गई थी। इन चेकपोस्ट में आने वाले पूरे कैश को वो खुद डील करता था। चेकपोस्ट पर तैनात इंस्पेक्टर और दूसरे अफसरों का शेयर वो खुद तय करता था। उसके काम में कोई अफसर और इंस्पेक्टर दखल नहीं देता था।
21 दिसंबर को दुबई से लौटेगा सौरभ
सौरभ की निजी जिंदगी को जानने वाले कहते है कि सौरभ मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है। उसकी पत्नी दिव्या का मायका जबलपुर का है। 4 साल पहले ही सौरभ परिवार सहित भोपाल शिफ्ट हो गया था। उसकी पत्न्ी का जन्मदिन दुबई या दिल्ली की एक फाइव स्टार होटल में मनाया जाता था। सौरभ की पत्नी दिव्या भी पावर कॉरिडोर में पहचानी जाती है। दिव्या भोपाल के कई नामचीन क्लब की मेंबर भी है। सौरभ के भोपाल स्थित मकान पर जब लोकायुक्त पुलिस ने दबिश दी तो उस वक्त भी वह दुबई में था। शेड्यूल के मुताबिक उसे 21 दिसंबर को दुबई से लौटना है।

