स्मार्टसिटी द्वारा तैयार आईएसबीटी में पुराने बसस्टेण्ड को शिफ्ट करने के लिये अहम बैठक

ग्वालियर – ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा नवनिर्मित इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) का निर्माण अंतिम चरण में है। नवीन ISBT  में शहर के रेलवे स्टेशन के पास मुख्य बस स्टैंड को किस प्रकार शिफ्ट किया जाना है, और भविष्य में बसों का संचालन किस प्रकार किया जाए, इसकी रूपरेखा बनाने के उद्देश्य को लेकर कलेक्टर रुचिका चौहान व नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव के निर्देशानुसार आज गुरुवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में संबंधित अन्य विभागों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात पुलिस, नगर निगम व स्मार्ट सिटी के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में ISBT  में वर्तमान में बसों के प्रवेश व निकास मार्गों सहित बस टर्मिनल की अन्य सुविधाओं और क्षमताओं को प्रेजेंटेशन के माध्यम से बैठक में उपस्थित अधिकारियों को विस्तार से समझाया गया। बैठक में जानकारी देते हुये बताया गया कि ISBT का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है और शहर में बसों का संचालन व यातायात व्यवस्थित सुचारू व सुगम बनाने की दृष्टि से यह बस टर्मिनल अपनी काफी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेगा तथा इस अत्याधुनिक बस टर्मिनल के बनने के बाद शहर में रेलवे स्टेशन के पास मुख्य बस स्टैंड को ISBT में शिफ्ट किया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए जरूरी है कि आईएसबीटी से बसों के संचालन को लेकर पहले से एक प्लान तैयार किया जाये ताकि यहां से बसों का संचालन सुचारु रुप से हो सके व यात्रियों को भी असुविधा न हो।
बैठक में मप्र. मोटरयान अधिनियम के तहत परिवहन विभाग द्वारा नवीन ISBT हेतु अधिनियम जारी करने व प्रावधान अनुसार अनुरक्षण शुल्क सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक कार्यवाही करने को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में ISBT से संचालित किये जाने वाली इंटरसिटी बसों के मार्गो का निरीक्षण कर बसों के संचालन का प्लान बनाये जाने व बस ऑपरेटर एवं बस यूनियन के साथ बैठक कर समन्वय बनाकर बसों के संचालन प्लान को अंतिम रूप देने को लेकर भी चर्चा की गई। वहीं बैठक में रेलवे स्टेशन से ISBT तक टेम्पो, ई-रिक्शा व विक्रम के मार्गो के निर्धारण को लेकर बैठक मे चर्चा कर सुझाव लिए गए। बैठक में हुई चर्चा व प्राप्त सुझावों के आधार पर पूरी रुपरेखा तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को दिखाया जाएगा ताकि उनकी सहमति से फिर इसे अंतिम रुप दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *