ग्वालियर पुलिस के ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 में खुलासा, भिंड के युवक का खाता 4 राज्यों की 11 शिकायतों से जुड़ा
ग्वालियर. भिंड निवासी हर्ष गोयल के बैंक खाते के तार चार राज्यों के 11 शहरों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े मिले हैं। जांच में सामने आया कि खाते में न तो वेतन संबंधी लेन-देन था और नहीं किसी कारोबार का रिकॉर्ड, इसके बावजूद एक महीने में लाखों रुपये का लेन-देन हुआ। रकम खाते में आने के बाद तत्काल दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई। पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से साइबर वित्तीय अपराधों में इस्तेमाल हो रहे संदिग्ध म्यूल बैंक खातों की सूची ग्वालियर पुलिस को भेजी गई थी।

ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 में खुलासा
एक से 28 नवंबर तक चले विशेष अभियान ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत गोला का मंदिर थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक जयेंद्र सिंह कुशवाह ने खातों की जांच शुरू की। इस दौरान गोला का मंदिर स्थित इंडियन बैंक में संचालित एक खाता संदिग्ध मिला। पुलिस ने बैंक से खाताधारक की केवाईसी, खाता खोलने के दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट हासिल किए। इसके बाद नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) और समन्वय पोर्टल के डाटा से मिलान किया गया। जांच में सामने आया कि इस खाते के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली के 11 शहरों से साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
अलग-अलग शहरों से आई बैंक खाते में रकम
यानी खाते का इस्तेमाल अलग-अलग शहरों के लोगों से ठगी गई रकम प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने के लिए किया गया। पुलिस के मुताबिक, खाता भिंड जिले के गोहद निवासी हर्ष गोयल ने अवैध आर्थिक लाभ और कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, सिम कार्ड और यूपीआई आईडी साइबर ठगों को उपलब्ध कराई थी।
