ग्वालियर में स्कूली वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई, 100 से ज्यादा वाहनों पर शिकंजा; चालकों के लाइसेंस होंगे सस्पेंड
ग्वालियर में यातायात पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शहर में अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई में स्कूली वैन, ऑटो और अन्य वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 100 से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए आरटीओ कार्यालय को प्रस्ताव भेजे गए। चेकिंग के दौरान कोई लाइसेंस घर छूटने की बात कहता नजर आया तो कोई पास में ही जाने का हवाला देकर हेलमेट नहीं पहनने की सफाई देता रहा। हालांकि, पुलिस ने किसी की दलील नहीं मानी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रखी।
ज्यादा बच्चे मिले तो कार्रवाई
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो और वैन की विशेष रूप से जांच की। इसमें देखा गया कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे तो नहीं बैठाए गए हैं। क्षमता से ज्यादा बच्चों को बैठाकर ले जाने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के साथ ही वाहनों के जरूरी दस्तावेज भी जांचे। चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक अपनी गलती पर सफाई देते नजर आए। किसी ने पुलिस से कहा- ‘सर, लाइसेंस घर रह गया है, तो किसी ने हेलमेट नहीं पहनने पर कहा पास में ही जा रहा था, इसलिए हेलमेट नहीं लगाया। कुछ चालकों ने सीट बेल्ट नहीं लगाने की भी वजह बताई। पुलिस ने इन बहानों को नजरअंदाज करते हुए नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया
यातायात पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) जेनेंद लिंगमपर्ण के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इसमें यातायात पुलिस के मध्य, पश्चिम और पूर्व जोन की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस ने स्कूली बस, वैन और ऑटो चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने, वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि बच्चों को क्षमता से ज्यादा बैठाकर ले जाने से उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
