ग्वालियर में कोर्ट के स्टे छिपाकर कॉलोनियों की विकास अनुमति लेने का आरोप, टीएंडसीपी ने बिल्डरों को थमाए नोटिस

ग्वालियर. नगर तथा ग्राम निवेश (टीएंडसीपी) ने ग्राम केदारपुर स्थित कुल 16.074 हेक्टेयर भूमि पर जारी तीन अलग-अलग आवासीय विकास अनुमतियों (अनुज्ञाओं) में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत पर सख्त रुख अपनाया है। कार्यालय संयुक्त संचालक ने इस मामले में संबंधित बिल्डरों, रियल एस्टेट फर्मों और एक गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इन नोटिसों के दायरे में कई बड़े बिल्डर व रियल स्टेट फर्म शामिल हैं। शिकायत में यह आरोप है कि बिल्डरों ने जिन कॉलोनियों को लेकर अनुमतियां लीं उनमें कोर्ट के स्टे ऑर्डरों को नहीं बताया गया और इसके छिपाकर अनुमति प्राप्त कर ली। कार्यालय संयुक्त संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश द्वारा 14 फरवरी 2025 को ग्राम केदारपुर के विभिन्न सर्वे नंबरों (55/2, 55/4, 56, 57/3, 57/1, 60/2/3) की कुल 3.843 हेक्टेयर भूमि पर आवासीय भू-खण्डीय विकास के लिए अनुज्ञा जारी की गई थी।
यह अनुमति तिरूपति बिल्डर्स (पार्टनर रीतेश गुप्ता, मयंक गर्ग), विनम्र रियल्टी प्रालि (डायरेक्टर कमला शिवहरे) और कृष्णा ग्रीन पार्क (पार्टनर राज कुमार कुकरेजा, रमेश चंद्र चौरसिया, आदित्य गुप्ता) के नाम जारी की गई थी। लश्कर के गीता कॉलोनी निवासी अरविन्द अग्रवाल ने 16 नवंबर 2026 को विभाग में एक शिकायती आवेदन प्रस्तुत कर आरोप लगाया है कि बिल्डरों ने महत्वपूर्ण न्यायिक आदेशों को छिपाकर और गलत जानकारी देकर यह विकास अनुमति हासिल की है। मारूति नंदन एडिफाईस प्रालि. द्वारा दायर एक वाद में ग्वालियर के षष्ठम जिला न्यायाधीश ने 14 अगस्त 2025 को अस्थाई निषेधाज्ञा जारी कर भूमि के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया था, जिसकी जानकारी विभाग को नहीं दी गई। उच्च न्यायालय ने एमए क्रमांक 4918/2022 में तीन दिसंबर 2024 को अविभाजित 1/5 हिस्से के विक्रय और यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। आरोप है कि पक्षकारों के बीच बिना किसी विधिवत् बंटवारे के भूमि का विक्रय पत्र निष्पादित कर विकास अनुमति ले ली गई। सर्वे क्रमांक 51/7-क पर न्यायालय और उच्च न्यायालय द्वारा स्पष्ट स्थगन व यथास्थिति का आदेश होने के बावजूद, बिल्डरों ने इसे अपने अनुबंधित स्वामित्व का बताकर विकास अनुमति प्राप्त कर ली।
कृष्णा ग्रीन पार्क के साझेदारों को जारी किया नोटिस
टीएंडसीपी ने ग्राम केदारपुर में एक अन्य आवासीय भू-खण्डीय विकास परियोजना की अनुमति में कथित अनियमितताओं को लेकर फर्म कृष्णा ग्रीन पार्क के सभी सात साझेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। टीएंडसीपी कार्यालय द्वारा 24 जून 2026 को ग्राम केदारपुर स्थित भूमि के सर्वे क्रमांक 416/1/2, 416/2/2 और 417/2/2 के कुल रकबा 2.564 हेक्टेयर पर आवासीय विकास के लिए अनुज्ञा जारी की गई थी। यह अनुमति कृष्णा ग्रीन पार्क के साझेदारों राज कुमार कुकरेजा, रमेश चंद्र चौरसिया, आदित्य गुप्ता, सुनील खंडूजा, सानिया कुकरेजा, रीतेश गुप्ता और मयंक गर्ग को दी गई थी।
9.66 हेक्टेयर भूमि: बिल्डर विशाल खंडूजा को नोटिस
एक अन्य बड़े प्रोजेक्ट के मामले में गोपाल विलास गृह निर्माण सहकारी समिति, ग्वालियर के अध्यक्ष विशाल खंडूजा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। टीएंडसीपी कार्यालय द्वारा 12 फरवरी 2025 को ग्राम केदारपुर स्थित भूमि के सर्वे क्रमांक 413/2, 414, 415, 538, 539/1, 62/1, 62/2 और 63/2/2 के कुल रकबा 9.6670 हेक्टेयर पर आवासीय भू-खण्डीय विकास हेतु अनुज्ञा जारी की गई थी। यह अनुमति विशाल खंडूजा (गोपाल विलास गृह निर्माण सहकारी समिति) के नाम जारी की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *