लंबित अपराधों एवं चालानों के शीघ्र करें निराकरण . एसएसपी
ग्वालियरः वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित गंभीर अपराधों, महिला संबंधी अपराधों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) के प्रकरणों, साइबर ई-जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर तथा वर्ष 2026 के लंबित चालानों की थानावार समीक्षा कर उनके समयबद्ध निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लंबित अपराधों की समीक्षा कर समयबद्ध करें निराकरण
एसएसपी ग्वालियर द्वारा थाना प्रभारियों से हत्या, हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, महिला संबंधी अपराध एवं एससी/एसटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके लंबित रहने के कारणों की जानकारी ली गई।
साइबर ई-जीरो एफआईआर एवं ई-एफआईआर की समीक्षा
बैठक में लंबित साइबर ई-जीरो एफआईआर एवं ई-एफआईआर की थानावार समीक्षा की गई। एसएसपी ग्वालियर ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि लंबित जीरो एफआईआर एवं ई-एफआईआर का नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाए तथा उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
वर्ष 2026 के लंबित चालानों की समीक्षा
एसएसपी ग्वालियर द्वारा वर्ष 2026 के लंबित चालानों की थानावार समीक्षा कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि विवेचना पूर्ण होने के उपरांत लंबित चालानों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए तथा चालानों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो।
एससी/एसटी के लंबित
बैठक में एसएसपी ने पुराने लंबित एससी/एसटी अपराधों एवं राहत प्रकरणों के निराकरण हेतु गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों में विवेचना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए, आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जाएं तथा फरार आरोपियों की पतारसी कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
