तानसेन संगीत समारोह-2024 -शताब्दी समारोह को ध्यान में रखकर उच्च कोटि की व्यवस्थायें करें – संभाग आयुक्त

ग्वालियर – संगीत सिरोमणि तानसेन की स्मृति में आयोजित होने जा रहे 100वे “तानसेन संगीत समारोह” की तैयारियां जारी हैं। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने मंगलवार को कलेक्टर रुचिका चौहान के साथ तानसेन समारोह से संबंधित सभी आयोजन स्थलों तानसेन समाधि परिसर, इंटक मैदान एवं बेहट पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया।
तानसेन समारोह के शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखकर उच्चकोटि की व्यवस्थायें कर इस महोत्सव को भव्य व आकर्षक बनाएं। सभाओं में आने वाले ब्रम्हनाद के साधकों व रसिकों को यह महसूस होना चाहिए कि हम अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजन में मौजूद हैं।
“गमक” के दिन इंटक मैदान में सब्जी मंडी बंद रखें या दूसरी जगह लगवाएँ
इंटक मैदान पर पर “गमक” आयोजन दिवस को यहाँ पर लगने वाली सब्जी मंडी को सब्जी व्यवसाइयों की सहमति से एक दिन के लिये बंद रखने अथवा किसी दूसरे स्थल पर लगवाने के लिये भी नगर निगम के अधिकारियों से कहा गया। तानसेन समाधि परिसर एवं इंटक मैदान पर आयोजित होने वाले उप शास्त्रीय संगीत सभा “गमक” में आने वाले संगीत रसिकों के लिये पार्किंग की बेहतर से बेहतर व्यवस्था करें।
सुर सम्राट की जन्मस्थली बेहट के मुक्ताकाश मंच का जायजा भी लिया
मंगलवार को सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट पहुँचकर यहाँ आयोजित होने वाली संगीत सभा की तैयारियां भी देखीं। इस साल के तानसेन समारोह के आखिरी दिन यानि 19 दिसम्बर को प्रात:कालीन सभा बेहट के मुक्ताकाश मंच पर सजेगी। झिलमिल नदी के किनारे गान मनीषी तानसेन की साधना स्थली एवं भगवान भोले के मंदिर के आसपास भी साफ-सफाई कर इस परिसर को आकर्षक बनाने के निर्देश भी दिए।
15 से 19 दिसम्बर तक होगा शास्त्रीय संगीत का शीर्षस्थ महोत्सव का आयोजन
भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश व दुनिया का सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन संगीत समारोह” संगीतधानी ग्वालियर में 15 से 19 दिसम्बर तक आयोजित होगा। मुख्य समारोह के एक दिन पहले यानि 14 दिसम्बर को सायंकाल इंटक मैदान में समारोह के तहत पूर्वरंग “गमक” का आयोजन होगा। पूर्व रंग गमक की श्रृंखला में 5 दिसम्बर को रीवा, 6 दिसम्बर को गुना, 7 दिसम्बर को शिवपुरी एवं ओरछा में विशेष संगीत सभायें सजेंगीं। समारोह के तहत 15 दिसम्बर को प्रात:काल तानसेन समाधि पर परंपरागत ढंग से शहनाई वादन, हरिकथा एवं मिलाद गायन होगा। इस दिन सायंकाल औपचारिक रूप से समारोह का शुभारंभ होगा।
मुख्य समारोह में 10 संगीत सभाएँ होंगीं
तानसेन संगीत समारोह में इस साल 10 संगीत सभाएं होंगी। पहली सभा 15 दिसंबर को सायंकाल तानसेन समाधि परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सजेगी। इसके बाद हर दिन यहीं पर प्रातः एवं सायंकालीन सभाएं होंगी। समारोह के तहत 18 दिसम्बर को प्रात:काल 10 बजे से दो संगीत सभायें समानांतर रूप से सजेंगीं। यह सभायें तानसेन समाधि स्थल के मुख्य मंच व मुरैना जिले के सुप्रसिद्ध बटेश्वर मंदिर परिसर में संगीत सभा सजेगी। समारोह के आखिरी दिन या‍नि 19 दिसंबर को प्रातःकालीन सभा संगीत शिरोमणि तानसेन की जन्मस्थली बेहट में और इस साल के समारोह की अंतिम संगीत सभा सायंकाल गूजरी महल परिसर में सजेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *