आकार लेने लगी है एलीवेटेड रोड़ -कलेक्टर ने एलीवेटेड रोड़ के काम को तेज करने के निर्देश

ग्वालियर – शहर के आधुनिकीकरण एवं सुनियोजित विकास में बड़े आयाम के रूप में जुड़ रही एलीवेटेड रोड़ अब आकार लेने लगी है। एलीवेटेड रोड़ के प्रथम चरण में कहीं पर पिलर, कहीं पर गर्डर तो कहीं पिलर्स के ऊपर गर्डर सहित स्लैब डालने का काम हो रहा है। कलेक्टर ने बुधवार को एलीवेटेड रोड़ की कार्य एजेंसी सेतु निगम के अधिकारियों एवं संबंधित एसडीएम व राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर एलीवेटेड रोड़ के काम को और तेज करने के निर्देश दिए।
स्मार्ट सिटी के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने एलीवेटेड रोड़ के प्रथम चरण के शेष बचे हिस्सों में निजी जमीन के भू-अर्जन की कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि भू-अर्जन के बाद संबंधित भू-स्वामियों व मकान मालिकों को तत्परता से भू-अर्जन की राशि मुहैया कराई जाए। एलीवेटेड रोड़ निर्माण में स्थानीय निवासियों की वजह से आ रही बाधाओं को दूर करने में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लें। साथ ही लोगों को बताएँ कि एलीवेटेड रोड़ के निर्माण से आपके क्षेत्र का ही विकास होगा और शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
एलीवेटेड रोड़ के निर्माण में आ रही मानपुर गिर्द, मोहम्मदपुर, रानीपुरा, गोसपुरा, रमटापुरा व महलगांव मौजों की निजी जमीन के भू-अर्जन कार्य की विस्तार से समीक्षा की। रानीपुरा व महलगांव मौजे की जमीन की भू-अर्जन की कार्यवाही अंतिम चरण में है। मानपुर गिर्द, मोहम्मदपुर व रमटापुरा क्षेत्र की बस्तियों में स्थित निजी जमीन के भू-अर्जन की कार्यवाही भी तेजी से की जा रही है।
ज्ञात हो मानपुर गिर्द के अंतर्गत दाने बाबा के पास की बस्तियां, मोहम्मदपुर में राधा विहार, रमटापुरा व गोसपुरा में कुशवाह मोहल्ला, हजीरा पुल से मनोरंजनालय, मानस भवन के सामने, महलगांव में रामजानकी मंदिर, छिद्रपुरा, रमटापुरा में नैरो रेलवे लाइन की समीप की बस्तियां आती हैं।सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एलीवेटेड रोड़ का काम पूरी गुणवत्ता के साथ और तेजी के साथ मूर्तरूप दें। बरसात के कारण जिन क्षेत्रों में काम नहीं हो पा रहा है वहाँ अगले 15 दिन के भीतर कार्य शुरू करने के निर्देश उन्होंने दिए। यदि निर्माण में कोई बाधा आए तो उसे तत्काल जिला प्रशासन के ध्यान में लाएँ, जिससे काम को सुचारू कराया जा सके। एलीवेटेड रोड़ के प्रथम चरण में अभी तक 365.35 करोड़ रूपए की धनराशि मंजूर हुई है। प्रथम चरण में लगभग 5 हजार 895 मीटर लम्बाई में एलीवेटेड रोड़ का काम चल रहा है।
बैठक में अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार, एसडीएम झांसी रोड़ विनोद सिंह, एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव, भू-अर्जन अधिकारी एवं एसडीएम मुरार ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी, कार्यपालन यंत्री सेतु निगम जोगिन्दर सिंह यादव व सहायक यंत्री प्रबल प्रताप सिंह सिसोदिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *