फायर NOC की जांच हेतु समिति का गठन
ग्वालियर – आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए नगर निगम सीमांतर्गत शासकीय एवं निजी भवन, इमारतों में फायर ऑडिट, एनओसी की जांच हेतु समिति का गठन किया गया है।
नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव के आदेशानुसार जे.ए.एच. अस्पताल में हुई आगजनी घटना को दृष्टिगत रखते हुए शासकीय एवं निजी भवन, इमारतों में फायर ऑडिट, एनओसी की जांच किया जाना अत्यावश्यक है। इस हेतु समिति का गठन किया गया है, जिसमें अपर आयुक्त मुनीश सिकरवार, प्रभारी उपायुक्त डॉ. अतिबल सिंह यादव, फायर ऑफिसर उमंग प्रधान रहेगें। उक्त समिति समस्त भवन, इमारतों में संयुक्त रूप से फायर ऑडिट, एनओसी का परीक्षण कर प्रतिवेदन 7 दिवस में अद्योहस्ताक्षरकर्ता को प्रस्तुत करेगी।
समिति गठन के पश्चात आज समिति द्वारा नगर निगम सीमांतर्गत विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर फायर एनओसी की जांच की गई। जिसमें 16 संस्थानों पर फायर एनओसी न लेने पर नोटिस जारी किया गया। जिसमें सिटी सेंटर स्थित संचालक इनकम टेक्स ऑफिस, संचालक एमपीआईडीसी., आकाशवाणी केन्द्र, आरोग्यधाम चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र, आयकर भवन, डायरेक्टर स्टेट जीएसटी ऑफिस, राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन संस्थान, ग्वालियर में उप प्राचार्य राज्य स्तरीय प्रशिक्षण संस्थान, किलगेट पर आकाशवाणी केन्द्र, ग्वालियर में शासकीय आई.टी.आई कॉलेज, जयेन्द्रगंज पर बैंक ऑफ इंडिया, ग्वालियर में वाणिज्यकर भवन, गार्डन पैलेस के पास ग्वालियर पर ऑफिस ऑफ दा डिप्टी अस्टिेंट कमिश्नर सी.जी.एस.टी., हरदोल गार्डन के पास एम.पी. पुलिस अधोसंरचना विकास निगम, संजय कॉम्प्लेक्स पर रीजनल मैनेजर एम.पी.डब्ल्यू.एस, महलगांव पर सहारा हॉस्पिटल को नोटिस जारी किए गए। साथ ही निर्देशित किया गया कि नेशनल बिल्डिंग कोड 2016 के अनुसार भवनों में अग्निशमन व्यवस्था पूर्ण करें।
