नगरनिगम अधिकारी ने किया आत्महत्या का प्रयास, कर्मचारियों ने छीनी जहर की गोली की डिब्बी और रखा मुंह पर हाथ, वेतनवृद्धि रोकने का है आरोप
रतलाम. नगरनिगम के कार्यालय अधीक्षक ने बुधवार की सुबह आत्महत्या करने का प्रयास किया। साथी कर्मचारियों ने उनके हाथ से जहर की डिब्बी छीन ली। बचाने के लिये उनके मुंह पर हाथ रख लिया। उन्होंने अकाउंटेंट पर पिछले 2 माह से वेतन वृद्धि नही ंदेने का आरोप लगाया है। लगभग 2 घंटे तक हंगामा चलता रहा।
गोपाल झारीवाल रतलाम नगरनिगम में बतौर कार्यालय अधीक्षक पदस्थ है। इसी कार्यालय में विजय बालोचा अकाउंटेंट है। झारीवाल ने इन्हीं पर आरोप लगाया है। इससे पहले झारीवाल धरने पर बैठे थे। अकाउंटेंट के खिलाफ भी नारेबाजी भी कर रहे थे।
अकाउंटेंट के खिलाफ धरने पर बैठे
बुधवार की सुबह नगरनिगम में सभी कर्मचारी अपने तय समय पर ड्यूटी पर पहुंच रहे थे। बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर कार्यालय अधीक्षक गोपाल झारीवाल के केबिन के सामने अकाउंटेंट विजय बालोचा का केबिन है और पास ही निगम कमिश्नर हिमांशु भट्ट का चैम्बर है। सुबह लगभग 11 बजे झारीवाल अचानक अकाउंट शाखा के बाहर फर्श पर धरना पर बैठ गये। अकाउंटेंट के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कर्मचारियों की प्रति दुर्भावना बताकर सैलरी इंक्रीमेंट नही ंदेने का आरोप लगाया। शोर-शराबा सुनकर कई अधिकारी-कर्मचारी भी धरनास्थल पर पहुंच गये। इसी दौरान झारीवाल ने अपनी जेब से एक डिब्बी निकाली और जहर की गोलियां खाने का प्रयास किया। यह देखकर मौके पर मोजूद कर्मचारियों ने हाथ से डिब्बी छीन ली। उनके मुंह पर हाथ रख लिया ताकि वह गोलियां न खा पाये इसके बाद समझाइश देकर किसी तरह से मामला शांत कराया।
