35 देशों के मंत्रिगण ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर भ्रमण पर आयेंगे  

ग्वालियर दुर्ग पर लाइट एण्ड साउण्ड शो देखने पहुँचेंगे विभिन्न देशों के मंत्रिगण
ग्वालियर – नईदिल्ली में आयोजित होने जा रही विश्व दूरसंचार मानकीकरण असेम्बली (WTSA) में भाग लेने आ रहे विभिन्न देशों के दूरसंचार मंत्रियों सहित 35 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर के भ्रमण पर भी आयेगा। इस दौरान विभिन्न राष्ट्रों के मंत्रिगण यूनेस्को द्वारा घोषित म्यूजिक सिटी ऐतिहासिक ग्वालियर दुर्ग पर लाइट एण्ड साउण्ड शो देखने पहुँचेंगे। साथ ही ऊषा किरण पैलेस में दूरसंचार के क्षेत्र में मेड इन इंडिया की थीम पर प्रजेंटेशन भी देखेंगे। विभिन्न देशों के मंत्रिगणों का यह प्रतिनिधि मंडल ग्वालियर प्रवास के दौरान केन्द्रीय दूरसंचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मेजबानी में जयविलास पैलेस में आयोजित डिनर में भी शामिल होगा।
मंगलवार को विभिन्न देशों के मंत्रियों के प्रतिनिधि मंडल के ग्वालियर प्रवास की व्यवस्थाओं को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में भारत सरकार के कम्युनिकेशन मंत्रालय के निदेशक अतीक अहमद, प्रभारी पुलिस अधीक्षक राकेश सगर, अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार व टीएन सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार तथा भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय के अन्य अधिकारी एवं आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न राष्ट्रों से आ रहे मंत्रिगणों के प्रतिनिधि मंडल के प्रवास के दौरान साफ-सफाई, सड़क मार्ग व बिजली सहित सभी व्यवस्थायें सुदृढ़ रहें। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था भी सुव्यवस्थित बनी रहे, इसके लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाकर उस पर अमल करें। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विदेशी मंत्रियों के प्रतिनिधि मंडल के आगमन के दौरान ग्वालियर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जायेंगे।
चार साल के अंतराल से अलग-अलग देशों में विश्व दूरसंचार मानकीकरण असेम्बली का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में भारत की राजधानी नईदिल्ली में 15 से 18 अक्टूबर तक विश्व दूर संचार मानकीकरण असेम्बली आयोजित होने जा रही है। इससे पहले 13 अक्टूबर को असेम्बली में भाग लेने आ रहे विभिन्न देशों के 35 मंत्रिगण एवं अन्य ऑफिसियल ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर का भ्रमण करने आयेंगे। यह प्रतिनिधि मंडल विशेष चार्टर्ड विमान से 13 अक्टूबर को दोपहर लगभग 12 बजे ग्वालियर पहुँचेगा। ग्वालियर प्रवास के दौरान होटल ताज ऊषा किरण में 2 प्रजेंटेशन देखेगा। साथ ही ग्वालियर दुर्ग पर लाइट एण्ड साउण्ड प्रोग्राम देखने भी जायेगा। सायंकाल जयविलास पैलेस में डिनर में शामिल होने के बाद रात्रि लगभग 9 बजे चार्टर्ड विमान द्वारा वापस नई दिल्ली के लिये रवाना होगा।
दूरसंचार मानकीकरण क्षेत्र की रणनीतिक दिशा को परिष्कृत करने के उद्देश्य से इंटरनेशनल टेली कम्युनिकेशन यूनियन द्वारा विश्व दूरसंचार मानकीकरण असेम्बली का आयोजन किया जाता है। नईदिल्ली में आयोजित होने जा रही असेम्बली में 193 सदस्य देशों, वैश्विक मानकीकरण निकायों और दुनियाभर के दूरसंचार / आईसीटी उद्योग के लगभग 2 हजार प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *