कभी भी खुल सकते हैं तिघरा के गेट

ग्वालियर. तिघरा डैम के गेट अब कभी भी खुल सकते है। तिघरा का जलस्तर वर्तमान में 738 फीट पर पहुंच चुका है जिसको लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। डैम पर पीएचई विभाग के अधिकारी लगातार निगाह बनाए रखे हुए है। शहर में औसतन बारिश का आंकडा लगभग पूरा हो चुका है। अगर 24 से 48 घंटे में बारिश होती है या तिघरा डैम का वॉटर लेवल 739 फीट के पार होता है तो बांध के गेट खोलकर पानी निकाला जाएगा, पर डैम के गेट खोलने से पहले आसपास रहने वाले गांव में अलर्ट किया जाएगा जिससे अचानक छोडे जाने वाले पानी से किसी को कोई परेशानी न हो।
सायरन बजाकर अलर्ट करने के बाद ही छोडा जाएगा पानी
प्रशासन ने तिघरा डैम के गेट खोलने की तैयारी कर ली है लेकिन गेट खोले जाने से पहले डैम के आसपास के गांवों में रहने वाले ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया जाएगा साथ ही सायरन बजाकर तिघरा का पानी निकाला जाएगा। मौसम विभाग ने भी आगामी 48 घंटों में ग्वालियर में तेज बारिश की चेतावनी दी है। वहीं ककैटो से भी नहर के जरिए तिघरा में लगातार पानी आ रहा है। इसके चलते डैम कभी भी ओवरफ्लो हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *