भारत बंद- जबरन बंद कराने वालों से सख्ती से निपटेगा प्रशासन व पुलिस बल
ग्वालियर -कुछ संगठनों द्वारा बुधवार 21 अगस्त को भारत बंद कराने के आह्वान को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन व पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता तैयारियाँ की हैं। जबरन दुकानें, प्रतिष्ठान व बाजार बंद कराने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। साथ ही स्पष्ट किया है कि किसी भी संगठन के व्यक्ति इस आंदोलन के दौरान लाठी या कोई अस्त्र-शस्त्र व ज्वलनशील पदार्थ लेकर नहीं चल सकेंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने मंगलवार को जिले के सभी एसडीएम, सीएसपी व एसडीओपी की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कहा कि राजस्व व पुलिस अधिकारी पूरी सतर्कता व मुस्तैदी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि बुधवार 21 अगस्त को कलेक्ट्रेट, फूलबाग चौराहा, झलकारी बाई पार्क व गोल पहाड़िया सहित ग्वालियर शहर के सभी तिराहों-चौराहों, बाजारों व सड़क मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। गड़बड़ी फैलाने की जुर्रत करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। ग्वालियर शहर के अलावा डबरा, भितरवार, पिछोर, घाटीगाँव, मोहना व मुरार ग्रामीण सहित जिले के सभी इलाकों में प्रशासन व पुलिस बल मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगा।

