मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की बढ़ सकती है मुश्किल, गुमशुदा मामले की जांच के लिए बने SIT, सुप्रीम कोर्ट का आदेश
भोपाल. सागर से 2016 से लापता मान सिंह पटेल की गुमशुदगी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने नई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित करने के आदेश दिए है। एसआईटी गठित होने के आदेश से मंत्री गोविद सिंह राजपूत की मुश्किलें बढती दिख रही है।
ये है पूरा मामला
मान सिंह पटेल साल 2016 में लापता है, जमीन विवाद मामले में उनके बेटे सीताराम पटेल ने गोविंद सिंह राजपूत और उनके सहयोगियों पर पिता को गायब कराने का आरोप लगाया था। सीताराम ने पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने आवेदन दिया लेकिन पुलिस ने मान सिंह की गुमशुदगी दर्ज कर ली। इस मामले में मंत्री का नाम आने के बाद पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। इस एसआईटी की जांच को सुप्रीम कोर्ट ने महज दिखावा बताते हुए नई एसआईटी बनाने और उसमें दूसरे राज्यों के सीनियर आईपीएस अफसरों को शामिल कर जांच करने के निर्देश दिए है।
मंत्री पर पुश्तैनी जमीन पर कब्जे का आरोप
मान सिंह के बेटे सीताराम पटेल ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर अपने पिता की गुमशुदगी और उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। इस मामले में ओबीसी महासभा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। मानसिंह के बेटे सीताराम पटेल ने दावा किया था कि उनके पिता अगस्त 2016 में उस समय लापता हो गए, जब उन्होंने राजपूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सीताराम ने आरोप लगाया था कि उन्हें चुप कराने और संपत्ति पर कब्जा करने के लिए उनके पिता को गायब कराया गया था।
