विदेशी प्रतिनिधियों एवं उद्योगपतियों को आमंत्रण देने का सिलसिला शुरू 

कलेक्टर ने आईडीसी के अधिकारियों की बैठक लेकर की तैयारियों की समीक्षा 
ग्वालियर – ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में 28 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित होने जा रही है। इस रीजनल कॉन्क्लेव के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों के साथ देश के बड़े-बड़े उद्यमियों को जोड़कर ग्वालियर – चंबल क्षेत्र में औद्योगिक निवेश व औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में देशी एवं विदेशी प्रतिनिधियों, बड़े-बड़े उद्योगपतियों, स्थानीय उद्यमियों एवं स्थानीय औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रण देने का काम एमपीआईडीसी (मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम) द्वारा शुरू कर दिया है। इसमें लगभग एक हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने मंगलवार को आईडीसी के अधिकारियों की बैठक लेकर रीजनल कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा की।
आईडीसी अधिकारियों को निर्देश दिए कि रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव के दौरान ग्वालियर शहर के ऐतिहासिक वैभव और यहाँ की औद्योगिक संभावनाओं की प्रभावी ढंग से ब्रांडिंग करें। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें जिससे देश-विदेश से आ रहे औद्योगिक प्रतिनिधियों को महसूस हो कि वे एक उत्कृष्ट मेजबान की दहलीज पर आए हैं।
बैठक में औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री प्रतुल चंद सिन्हा ने जानकारी दी कि ग्वालियर की रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में आईटी, टूरिज्म, रक्षा, लैदर व टैक्सटाइल सहित अन्य सेक्टर के बड़े-बड़े उद्यमी भाग लेंगे। कॉन्क्लेव में स्थानीय एवं प्रदेश के उत्पादों पर केन्द्रित प्रदर्शनी लगाई जायेगी। जिसमें 42 स्टॉल पर उत्पादों को प्रदर्शित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ग्वालियर की रीजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में पिछले दिनों जबलपुर व उज्जैन में आयोजित हुई कॉन्क्लेव के बाद प्रदेश में आ रहे औद्योगिक निवेश का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *