नवागत निगमायुक्त अमन वैष्णव ने किया पदभार ग्रहण, अधिकारियों से की चर्चा
ग्वालियर – नवागत नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव ने आज सोमवार को प्रातः पदभार ग्रहण कर सभी अधिकारियों का परिचय प्राप्त किया तथा सभी अधिकारियों से आपस में समन्वय बनाकर शहर विकास के लिए मेहनत से कार्य करने की बात कही। बैठक में निगमायुक्त श्री वैष्णव ने अधिकारियों से कहा कि हम सभी एक परिवार के रुप में मिलकर ईमानदारी, पूर्ण निष्ठा, मेहनत एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें। जिसे जो कार्य दिया जाए समय पर पूर्ण करें। निगमायुक्त श्री वैष्णव ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शहर की स्वच्छता के लिए सभी मिलकर कार्य करें।
निगमायुक्त श्री वैष्णव में प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में सिटी प्लानर पवन सिंघल से जानकारी ली तथा चम्बल से पानी लाने की योजना को लेकर कार्यपालन यंत्री आरके शुक्ला से जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की जानकारी मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव एवं डॉ. अनुज श्रीवास्तव से ली तथा निगम में उपलब्ध मशीनरी, वाहन एवं संसाधन के बारे में कार्यशाला के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र सक्सेना से जानकारी प्राप्त की। साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं संपत्ति कर वसूली की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त कर सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए तथा लक्ष्य के अनुरूप सम्पत्तिकर वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने कार्य में जो भी लापरवाही बरतेगा उसके खिलाफ कडी कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर अपर आयुक्त विजय राज, मुनीश सिंह सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त रजनी शुक्ला, उपायुक्त अनिल दुबे, अमर सत्य गुप्ता, डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
