रिमझिम फुहारों के बीच हाथों में तिरंगा थामकर शान से निकली बाइक रैली
शहरवासियों को दिया घर घर तिरंगा फहराने का संदेश
ग्वालियर- आसमान से झर रहीं रिमझिम फुहारों के बीच हाथों में तिरंगा थामकर संगीतधानी ग्वालियर के मुख्य मार्गों से शान के साथ विशाल बाइक रैली निकली।भारतीय अन-बान और शान के प्रतीक तिरंगा से सराबोर बाइक रैली को देखकर शहरवासी देशभक्ति के जज्बे से ओत-प्रोत हो गए।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली इस बाइक रैली में ऊर्जा मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर रुचिका चौहान समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए। साथ ही अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार व सीमा सुरक्षा बल व पुलिस बल के बाइकर्स सहित एनसीसी, स्काउट- गाइड, खिलाड़ियों, सामाजिक संस्थाओं एवं विद्यार्थियों ने बाइक रैली में सहभागिता की।
रविवार को प्रातः लगभग 9.30 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि से बाइक रैली शुरू हुई और फूलबाग, किलागेट, हजीरा,बिरला नगर, गोला का मंदिर, मेला रोड, आकाशवाणी, गांधी रोड, जीवाजी विश्व विद्यालय, चेतकपुरी, अचलेश्वर, इंदरगंज व शिंदे की छावनी होते हुए वापस फूलबाग मैदान लक्ष्मीबाई समाधि तक पहुँची।
वीर सपूतों के प्रति सम्मान की भावना रखने की दिलाई शपथ
कलेक्टर ने बाइक रैली के समापन के बाद वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि के सामने सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना रखकर देश की प्रगति में योगदान देने की शपथ दिलाई।
बीएसएफ के बाईकर्स के हैरतअंगेज करतबों ने किया रोमांचित
रैली शुरू होने से पहले लक्ष्मीबाई समाधि के सामने सीमा सुरक्षा बल के बाइकर्स ने हैरत अंगेज प्रदर्शन कर सभी को रोमांचित कर दिया। शहर के मुख्य मार्गों से निकली बाइक रैली का शहरवासियों ने करतल ध्वनि से स्वागत व उत्साहवर्धन किया।
