चांदीपुरा वायरस को लेकर MP में अलर्ट
भोपाल. पड़ोसी राज्य गुजरात में चांदीपुरा वायरस के मामले सामने आने के बाद प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग के अमले को सतर्क कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चांदीपुरा वायरस की स्थिति पर सतत नज़र रखी जा रही है। हम स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
प्रदेश में नहीं आया चांदीपुरा वायरस का कोई मामला
अभी तक प्रदेश में चांदीपुरा वायरस का कोई मामला नहीं आया है। एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आइडीएसपी) पोर्टल पर सभी विवरण अपडेट कर रहे हैं। हमारे पास वायरस की पहचान के लिए सभी आवश्यक उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध हैं। बता दें कि गुजरात में जिन रोगियों में इस बीमारी की पुष्टि हुई है उनमें एक मध्य प्रदेश का भी है।
मध्य प्रदेश में बीमारी की स्थिति की समीक्षा
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. अतुल गोयल ने शनिवार को गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बीमारी की स्थिति की विशेषज्ञों की टीम के साथ समीक्षा की। गोयल ने बताया कि 20 जुलाई तक एईएस के (एक्यूट एन्सेफेलाइटिस सिंड्रोम) के 78 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 75 गुजरात, दो राजस्थान और एक मध्य प्रदेश से है। इनमें से 28 मामलों में मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एईएस के संदिग्ध सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट आफ वायरोलाजी (एनआइवी) पुणे भेजे जा रहे हैं, पर अभी तक किसी में इस वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।
